जामा (जामताड़ा)-
जिले के जामा थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव स्थित मयूराक्षी नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक का शव शुक्रवार की सुबह बरामद कर लिया गया, जबकि अन्य तीन की तलाश अब भी जारी है। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, चारों युवक गुरुवार दोपहर अपने घर से यह कहकर निकले थे कि वे नदी में नहाने जा रहे हैं। इनमें से तीन युवक ए.एन. कॉलेज के छात्र थे, जबकि एक जिला स्कूल में पढ़ता था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने उनकी खोजबीन शुरू की। शुक्रवार सुबह नदी किनारे उनके कपड़े मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जामा थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद सिंघाड़ा पोखरा निवासी कृष्णा सिंह का शव नदी से बरामद किया गया। वहीं बाकी तीन दोस्त अब भी लापता हैं। इनमें से दो की पहचान आर्यन और कृष के रूप में हुई है। पुलिस की टीम लगातार मौके पर मौजूद है और गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंचकर लापता छात्रों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।