लगातार दूसरे दिन भी निकली प्रभात फेरी, जो बोले सो निहाल… सत श्री अकाल के जयकारों से गूंजा हजारीबाग शहर
हजारीबाग
सिख समुदाय के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर पूरे हजारीबाग शहर में श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना हुआ है। मुख्य आयोजन से पूर्व आज लगातार दूसरे दिन भी प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे श्रद्धा भाव से शामिल हुए। प्रभात फेरी की शुरुआत स्थानीय गुरुद्वारे से हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों गुरु गोविंद सिंह रोड, झंडा चौक, बड़ा अखाड़ा चौक,ओकनी होते हुए पुनः गुरुद्वारे में जाकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालु “जो बोले सो निहाल… सत श्री अकाल!” के गगनभेदी जयकारे लगाते रहे, जिससे पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। इस दौरान संगत द्वारा गुरुवाणी का कीर्तन किया गया और लंगर सेवा के माध्यम से लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। चारों ओर भक्ति, श्रद्धा और सेवा की भावना का सुंदर संगम देखने को मिला।प्रकाश पर्व के मुख्य आयोजन को लेकर गुरुद्वारों की साज-सज्जा का कार्य अंतिम चरण में है। दीयों, रंगीन झालरों और पुष्प सजावट से पूरा परिसर जगमगा रहा है। गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के सदस्यों ने बताया कि इस बार भी प्रकाश पर्व के अवसर पर विशेष दीवान, गुरबाणी पाठ, कथा-कीर्तन और सामूहिक लंगर का आयोजन किया जाएगा। सिर्फ सिख समुदाय ही नहीं, बल्कि अन्य धर्मों के लोग भी इस आयोजन में शामिल होकर आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दे रहे हैं। प्रभात फेरी के माध्यम से पूरे क्षेत्र में शांति, सद्भाव और सेवा भावना का संदेश फैलाया जा रहा है। इसकी जानकारी मीडिया प्रभारी रोहित बजाज ने दी।

