बरही के विभिन्न पंचायतों में चलाया गया वोट चोर गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान
बरही
बरही प्रखंड में शुक्रवार को वोट चोर गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व एससी सेल प्रखंड अध्यक्ष कार्तिक पासवान ने किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनमत के सम्मान और ईमानदार राजनीति की मांग को लेकर शुरू किया गया है। हस्ताक्षर अभियान बरही प्रखंड के बरही पश्चिमी पंचायत, करसो, कोनरा, बरही पूर्वी सहित आसपास के कई पंचायतों में चलाया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने हस्ताक्षर के माध्यम से भ्रष्टाचार, वोट की खरीद-फरोख्त तथा जनादेश की अवहेलना के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। अभियान के नेतृत्वकर्ता कार्तिक पासवान ने कहा कि जनता के वोट से चुनी गई सरकार को जनता के हित में कार्य करना चाहिए, लेकिन यदि कोई शासन जनादेश का अपमान करता है, तो जनता को उसके खिलाफ खड़ा होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान जनजागरण का हिस्सा है, ताकि आम लोग अपने अधिकारों और राजनीतिक ईमानदारी की अहमियत समझ सकें। इस मौके पर अशोक सिंह, मो असलम अली, पंकज पासवान, मंटू सिंह, मुकेश पासवान, विनोद कुमार दास, अनिल दास, अनिल निषाद, मो जफर सहित कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

