हजारीबाग पुलिस की बड़ी सफलता, बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार, लाखों के आभूषण बरामद
हजारीबाग
हजारीबाग जिले की पुलिस ने बड़ाबाजार ओपी क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की घटना का सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण एवं नकदी भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार अपराधियों में से एक ने पूर्व में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। दिनांक 05 नवम्बर 2025 को बड़ाबाजार ओपी क्षेत्र के चतरा बस स्टैंड स्थित छोटी ग्वालटोली चौक में वादी रणवीर सिंह पिता रारदार चरण सिंह के घर से अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े करीब 1 से 2 बजे के बीच सोने के भारी आभूषणों की चोरी कर ली थी। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई गई थी।
वादी के आवेदन पर बड़ाबाजार थाना कांड संख्या 326/25, दिनांक 06.11.2025 दर्ज किया गया था, जिसमें धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी शाखा की मदद से सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, छापेमारी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान पुरुषोत्तम कुमार यादव उर्फ फक्कू पिता दीपक गोप, निवासी छोटी ग्वालटोली, चतरा बस स्टैंड, हजारीबाग के रूप में हुई। वह घटना के बाद से फरार था। 10 नवम्बर की रात करीब 2 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने घर लौटा है। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी किए गए आभूषणों में से कुछ उसने अपने घर में छुपा रखे थे और बाकी वीणा ज्वेलर्स के मालिक नीरज कुमार सोनी उर्फ पप्पू को बेच दिए थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से लगभग 251.3 ग्राम सोने जैसे आभूषण और 4000 रुपये नकद बरामद किए। इसके बाद ज्वेलर नीरज सोनी उर्फ पप्पू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि उसने चोरी के आभूषणों के बदले आरोपी को 10,000 रुपये दिए थे और बाकी 10,000 रुपये अगले दिन देने की बात तय हुई थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने आभूषणों को गलवाकर उनमें से कुछ सोना पंकज ज्वेलर्स के मालिक बृज किशोर उर्फ बिक्की को 1,20,000 रुपये में बेचा था। नीरज सोनी की निशानदेही पर उसकी दुकान से 4.34 ग्राम सोना और 35,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
वहीं पंकज ज्वेलर्स से 12.89 ग्राम सोना की बरामदगी की गई। गिरफ्तार अपराधियों में पुरुषोत्तम कुमार यादव उर्फ फक्कू (24 वर्ष), पिता दीपक गोप, निवासी छोटी ग्वालटोली, चतरा बस स्टैंड, थाना बड़ाबाजार जिला हजारीबाग, नीरज कुमार सोनी उर्फ पप्पू (44 वर्ष), पिता स्व. सुरेश प्रसाद सोनी, निवासी कुम्हारटोली, पारनाला, थाना सदर, जिला हजारीबाग शामिल है। बरामद सामान में सोने जैसे आभूषण कुल 268.53 ग्राम, नकद राशि 39,000 रुपये, मोबाइल 1 पीस शामिल है। छापामारी दल में अमित आनंद (भा.पु.से.), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर हजारीबाग, पुअनि पंकज कुमार, प्रभारी, बड़ाबाजार ओपी, पुअनि सुधीर कुमार, बड़ाबाजार ओपी, पुअनि गौतम उरांव, बड़ाबाजार ओपी, तकनीकी शाखा, हजारीबाग, बड़ाबाजार ओपी का सशस्त्र बल दल शामिल रहें। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग ने इस सफलता के लिए एसआईटी टीम के कार्य की सराहना की और कहा कि हजारीबाग पुलिस अपराधियों पर लगातार निगरानी रखे हुए है। जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

