गोरहर में सड़क हादसा, तेज रफ्तार बस की टक्कर से युवक की मौत, मां घायल
धनबाद जा रही बाइक को पीछे से मारी टक्कर, दुर्घटना के बाद बस चालक फरार
झारखण्ड न्यूज24 बरकट्ठा
जया अहमद
बरकट्ठा मंगलवार 18 नवंबर की सुबह जीटी रोड गोरहर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें भौरा झरिया सुदामडीह धनबाद निवासी 24 वर्षीय अरविंद कुमार वर्णवाल उर्फ सुमित की मौत हो गई। हादसे में उसकी मां बेबी देवी 58 वर्ष घायल हो गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार बेबी देवी अपने पुत्र अरविंद के साथ मोटर साइकिल संख्या जेएच 10 बीडी 2145 से बरही से अपने घर सुदामडीह धनबाद लौट रही थीं। उसी दौरान लगभग सुबह 8:20 बजे गोरहर स्थित जीटी रोड पर बुंदेला बस संख्या जेएच 10 बीए 6911 ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बेबी देवी सड़क पर गिरकर घायल हो गईं, जबकि अरविंद सड़क के दूसरी ओर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद बस चालक वहां नहीं रुका, बल्कि मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि अरविंद कुमार वर्णवाल परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था और उसी के सहारे घर का पूरा खर्च चलता था। उसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इधर अरविंद कुमार बर्णवाल का बरही अनुमंडलीय अस्पताल में अंत्यपरीक्षण किया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर बस और चालक की तलाश शुरू कर दी है। घायलों को गोरहर थाना प्रभारी नीतीश कुमार सिंह ने तत्काल अस्पताल भेजवाने में सहयोग किया।

