सांसद और विधायक ने हरली में 26 करोड़ की लागत से बनने वाले डिग्री कॉलेज का भूमिपूजन किया
ग्रामीण डिग्री कॉलेज निर्माण में सहयोग करें ताकि 2027 में पढ़ाई शुरू हो सके : सांसद
बड़कागांव रितेश ठाकुर
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा। क्षेत्र की चिर-लंबित मांग और यहां के विद्यार्थियों के सपनों को साकार करते हुए बड़कागांव पूर्वी क्षेत्र के हरली पंचायत स्थित ग्राम हरली में डिग्री कॉलेज के निर्माण कार्य का विधिवत् भूमिपूजन संपन्न हो गया।समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सांसद मनीष जायसवाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक रोशन लाल चौधरी शामिल हुए और विधिवत् पूजा- अर्चना कर, नारियल फोड़कर, शिलापट्ट का अनावरण कर और ईंट जोड़कर डिग्री कॉलेज का नींव रखा। यह डिग्री कॉलेज विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के अंतर्गत संचालित होगा। करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से यह कॉलेज 4.07 एकड़ भूखंड पर निर्मित किया जाएगा। निर्माण का जिम्मा भवन निर्माण निगम लिमिटेड को सौंपा गया है, जिसे अगले 21 महीने में कार्य पूर्ण करना है। कॉलेज परिसर में जी+2 (ग्राउंड प्लस टू) का एकेडमिक भवन, एसआरसी भवन, एक विशाल खेल मैदान और अन्य सभी आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा।
इस अत्याधुनिक भवन में एक साथ करीब 2000 से अधिक विद्यार्थियों के बैठकर पढ़ाई करने की क्षमता होगी। मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने अपील किया कहा का कि इस कॉलेज के निर्माण में किसी प्रकार का कोई विघ्न-बाधा या अड़चन ना डाले। ताकि 2027 में डिग्री कॉलेज चालू हो सके। यहाँ के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए हजारीबाग, रामगढ़ या रांची जैसे बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता था। लेकिन अब जल्द ही उन्हें उनके गृह क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी। जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों में उड़ान का नया पंख लगेगा। विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि शिक्षा से ही समाज में बदलाव और विकास संभव है। ऐसे में अभी डिग्री कॉलेज का भूमि पूजन हुआ है, भविष्य में तकनीकी शिक्षा के साथ अन्य जरूरी शिक्षा के लिए सांसद मनीष जायसवाल के साथ मैं कटिबद्ध रहूंगा। समारोह में मंच का संचालन बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि उमेश दांगी ने किया। मौके पर शिक्षाविद् महेंद्र नाथ पांडेय, हरली पंचायत मुखिया कविता देवी, पंचायत समिति सदस्य कोशिला देवी, लोकसभा सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, पूर्व मुखिया सह बड़कागांव पूर्वी सांसद प्रतिनिधि महेंद्र महतो, पूर्व मुखिया बिगेश्वर महतो, भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष खेमलाल महतो, पश्चिमी भाजपा मंडल अध्यक्ष आदित्य साहू सोनी, भाजपा नेता जुगनू सिंह, अनिल मिश्रा, जयनारायण मेहता, उपेंद्र प्रसाद, बेचन साव, सबूर महतो, सुमन गिरी, भीखन महतो, राजकिशोर साव, ज्ञानचंद कुमार उर्फ ज्ञानी, विनोद महतो, पारसनाथ महतो, किशोर राणा, सोहन लाल मेहता, मनीष पाण्डेय, प्रमोद साव, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें ।

