वरिष्ठ समाजसेवी जगमोहन शर्मा पंचतत्व में विलीन, क्षेत्र में शोक की लहर
रांची/चतरा
वरिष्ठ समाजसेवी एवं श्री विश्वकर्मा वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष रहे जगमोहन शर्मा का अंतिम संस्कार आज चतरा जिला स्थित उनके पैतृक गांव में पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। वे पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके निधन से समाज और संगठन से जुड़े लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। जगमोहन शर्मा का देहांत 27 दिसंबर 2025 को रांची स्थित एक अस्पताल में हुआ था। उनके निधन की सूचना मिलते ही सामाजिक, धार्मिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की। अपने जीवनकाल में जगमोहन शर्मा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अत्यंत सक्रिय रहे।
वे हर सामाजिक कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे और अपनी मधुर वाणी, सरल स्वभाव एवं सहयोगी भावना के लिए जाने जाते थे। वे कई सामाजिक संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे तथा विश्वकर्मा युवा मंच के मार्गदर्शक के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। उनके निधन से समाज ने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सेवा, समर्पण और समाजहित के कार्यों में लगाया। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। श्री विश्वकर्मा वेलफेयर सोसाइटी के सचिव विक्रांत विश्वकर्मा सहित संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

