पेसा नियमावली की अधिसूचना हो जारी एवं मेसा कानून पर हो विचार : विजय शंकर नायक
रांची
आदिवासी मूलवासी जनाधिकार मंच झारखंड ने राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा 23 दिसंबर 2025 को झारखंड पेसा नियमावली-2025 को मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के फैसले का स्वागत किया है। मंच ने इसे आदिवासी-मूलवासी समुदायों के जल-जंगल-जमीन पर अधिकारों को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। मंच के केंद्रीय उपाध्यक्ष विजय शंकर नायक ने मांग की कि नव वर्ष 2026 के अवसर पर पेसा नियमावली की अधिसूचना तत्काल जारी की जाए, ताकि अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को सशक्त बनाया जा सके।
उन्होंने शहरी क्षेत्रों में भी पेसा के तर्ज पर मेसा कानून लागू करने पर विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह कदम सामाजिक न्याय, स्वशासन और संवैधानिक अधिकारों की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। मंच ने पेसा नियमावली के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्राम सभाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार के साथ सहयोग करने का भरोसा भी जताया।

