कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर ओबीसी जिला अध्यक्ष अजय प्रजापति ने फहराया पार्टी ध्वज, संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
हजारीबाग
कांग्रेस पार्टी के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर हजारीबाग कांग्रेस जिला ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अजय प्रजापति ने अपने आवास पर कांग्रेस का झंडा फहराया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। झंडा फहराने के बाद अजय प्रजापति ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी और लोकतांत्रिक परंपराओं से जुड़ी हुई पार्टी है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक देश को एकजुट रखने और संविधान की रक्षा में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की राजनीति की है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ओबीसी, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर और गरीब तबके के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया है। आज भी जब लोकतांत्रिक संस्थाओं पर संकट है, तब कांग्रेस पार्टी मजबूती से जनता की आवाज बनकर खड़ी है। अजय प्रजापति ने कहा कि हजारीबाग जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा और पार्टी की नीतियों व विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी एकता बनाए रखें और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से काम करें।

