बरही के ज़रहिया गांव में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस ने पति को हिरासत में लिया
बरही
बरही थाना क्षेत्र के ज़रहिया गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अनु कुमारी 19 वर्ष के रूप में हुई है, जो ज़रहिया गांव निवासी गौतम कुमार की पत्नी थी। बताया जा रहा है कि अनु कुमारी ने अपने कमरे में पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी के अनुसार अनु कुमारी का विवाह पिछले माह में ही 25 नवंबर को गौतम कुमार से हुआ था। मृतका मूल रूप से करसो गांव की रहने वाली थी और कपिल देव भुइयां की पुत्री थी। परिजनों के मुताबिक घटना के समय पति घर पर ही मौजूद था। गौतम कुमार होटल में खाना बनाने का कार्य करता था, लेकिन शादी के बाद से वह घर पर ही रह रहा था।
मृतिका के पिता कपिलदेव भुइयां ने बताया कि करीब 15 दिन पहले अनु कुमारी की तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद मायके वालों ने उसका इलाज कराया और उसे ससुराल वापस भेज दिया था। उन्होंने ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना, दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने पति गौतम कुमार को हिरासत में ले लिया है और आत्महत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। मौके पर भीम आर्मी प्रखण्ड अध्यक्ष लक्ष्मण राव अम्बेडकर, राहुल अम्बेडकर, कांग्रेस युवा नेता यमुना यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

