कड़ाके की ठंड में बरही एसडीओ ने दिखाया मानवीय चेहरा, राहगीरों व असहायों के बीच बांटे कंबल
एसडीओ जोहन टुड्डू बोले – ठंड से बचाव प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी
बरही
बीती देर रात कड़ाके की ठंड के बीच बरही के अनुमंडल पदाधिकारी जोहन टुड्डू ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए बरही चौक एवं उसके आसपास सड़क किनारे रह रहे राहगीरों, असहायों और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। ठिठुरन भरी रात में एसडीओ स्वयं मौके पर मौजूद रहकर लोगों को कंबल प्रदान करते नजर आए, जिससे जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिल सकी। कंबल वितरण के दौरान एसडीओ जोहन टुड्डू ने सड़क किनारे सो रहे लोगों से बातचीत भी की और उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि कोई भी असहाय व्यक्ति ठंड में बिना सहारे के न रहे।
इस दौरान स्थानीय लोग भी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते दिखे। इस अवसर पर एसडीओ जोहन टुड्डू ने कहा कि भीषण ठंड में बेसहारा और गरीब लोगों की मदद करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण बीमार न पड़े या अपनी जान न गंवाए, इसके लिए लगातार निगरानी और राहत कार्य किए जा रहे हैं। आगे भी जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण और अन्य सहायता जारी रहेगी। प्रशासन की इस पहल से न सिर्फ असहायों को राहत मिली, बल्कि आम लोगों के बीच प्रशासन के प्रति सकारात्मक संदेश भी गया। ठंड के इस मौसम में बरही अनुमंडल प्रशासन द्वारा किए जा रहे ऐसे मानवीय प्रयासों की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है।

