हजारीबाग सदर ब्लड बैंक में रिप्लेसमेंट ब्लड की सुविधा तत्काल बहाल की जाए : कृष्णा कुमार
हजारीबाग
हजारीबाग सदर स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ब्लड बैंक में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट कृष्णा कुमार ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने इस संबंध में उपायुक्त हजारीबाग एवं झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से हस्तक्षेप की मांग की है। एड. कृष्णा कुमार ने बताया कि ब्लड बैंक में रिप्लेसमेंट ब्लड की सुविधा समाप्त कर दिए जाने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन स्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है। उन्होंने कहा कि रिप्लेसमेंट ब्लड की सुविधा बंद होने से जरूरतमंदों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ब्लड बैंक में ब्लड ग्रुप मैचिंग से संबंधित आवश्यक मशीनों की कमी है। इस कारण मरीजों को ब्लड जांच के लिए रांची भेजा जाता है, जिसमें एक से दो दिन का समय लग जाता है। देरी के कारण कई बार मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती है और अंततः उन्हें दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। इस प्रक्रिया से जहां मरीजों की जान पर खतरा बढ़ता है, वहीं निजी अस्पतालों और निजी ब्लड बैंकों को अनुचित लाभ मिलता है तथा आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। भीम आर्मी जिला अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि ब्लड बैंक में रिप्लेसमेंट ब्लड की सुविधा तत्काल बहाल की जाए, ताकि जरूरतमंद किसी भी ब्लड ग्रुप का डोनर देकर आवश्यक ब्लड प्राप्त कर सकें। साथ ही ब्लड ग्रुप जांच के लिए आवश्यक मशीनों की शीघ्र व्यवस्था की जाए। उन्होंने ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग की है। एड. कृष्णा कुमार ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन और राज्य सरकार इस गंभीर जनहित के मुद्दे पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगी।

