बरही अनुमंडलीय अस्पताल में 7 जनवरी को लगेगा प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला
विभिन्न स्टालों के माध्यम से मिलेंगी मुफ्त जांच व परामर्श की सुविधाएं : डीएस डॉ प्रकाश ज्ञानी
बरही
झारखंड सरकार के निर्देशानुसार राज्यभर में 6 से 10 जनवरी तक सभी प्रखंडों में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में बरही अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला 7 जनवरी को सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए अनुमंडलीय अस्पताल के डीएस डॉ. प्रकाश ज्ञानी ने बताया कि इस प्रखंड स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन बरही विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज यादव द्वारा किया जाएगा। स्वास्थ्य मेला में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आम लोगों के लिए कई प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य मेला में सामान्य चिकित्सा सेवा के साथ मातृ स्वास्थ्य, शिशु एवं बाल स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन परामर्श, आईईसी-परिवार कल्याण, मोतियाबिंद जांच, ईएनटी जांच (आंख, कान, गला), दंत चिकित्सा जांच, त्वचा रोग जांच, पोषण संबंधी परामर्श जैसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा आरटीआई/एसटीआई/एड्स नियंत्रण पर परामर्श, कुष्ठ रोग नियंत्रण, टीबी नियंत्रण, मलेरिया जांच, अंधापन की रोकथाम हेतु आंखों की जांच, धूम्रपान व तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर जागरूकता, कैंसर नियंत्रण जागरूकता, व्यक्तिगत एवं पर्यावरणीय स्वच्छता, पुनर्वास सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।
स्वास्थ्य मेला में भारतीय चिकित्सा पद्धति के तहत आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी से संबंधित जांच एवं परामर्श की भी सुविधा दी जाएगी। मेला को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए विभिन्न पंचायतों में प्रचार वाहन के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे इस स्वास्थ्य मेला में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं।

