हजारीबाग में पत्रकारों से सीधा संवाद, विकसित भारत और रोजगार पर होगी खास चर्चा
9 जनवरी को होटल केनरी इन में पीआईबी रांची का वार्तालाप कार्यक्रम, विधायक व विशेषज्ञ होंगे शामिल
हजारीबाग
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रांची की ओर से 9 जनवरी 2026 को हजारीबाग में जिले के पत्रकारों के साथ एक विशेष “वार्तालाप” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम होटल केनरी इन में आयोजित होगा।
इस कार्यक्रम में विकसित भारत रोजगार आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण (VB G RAM G) 2025, वर्ष 2025 की चार नई श्रम संहिताएं, तथा राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने पर उसके महत्व जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
पत्रकारों को जानकारी देते हुए भारतीय सूचना सेवा के अधिकारी एवं पीआईबी रांची के कार्यालय प्रमुख श्री राजेश सिन्हा ने बताया कि इस वार्तालाप कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ताओं का विस्तृत पैनल होगा। साथ ही इसमें जनप्रतिनिधियों की भी भागीदारी रहेगी, जिससे विषयों पर सार्थक संवाद हो सकेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) सी. बी. शर्मा होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो, पूर्वी भारत के महानिदेशक श्री टी. वी. के. रेड्डी कोलकाता से कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके अलावा हजारीबाग सदर के विधायक श्री प्रदीप प्रसाद और बरही के विधायक श्री मनोज कुमार यादव ने भी बतौर विशिष्ट अतिथि अपनी उपस्थिति की सहमति दी है।
विशेषज्ञ वक्ताओं में एनयूएसआरएल रांची के सहायक प्रोफेसर डॉ. मृत्युंजय मयंक, आईएएनएस के झारखंड प्रमुख एवं रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री शंभू नाथ तिवारी, दूरदर्शन समाचार रांची के प्रमुख श्री दिवाकर कुमार तथा बीएसएफ मेरु कैंप हजारीबाग के कमांडेंट श्री सुरेंद्र सिंह मलिक शामिल होंगे।
यह कार्यक्रम पत्रकारों के लिए जानकारी साझा करने और राष्ट्रीय महत्व के विषयों को बेहतर ढंग से समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

