18 जनवरी को हजारीबाग में कुम्हार अधिकार महारैली का होगा भव्य आयोजन, शामिल होने की अपील
जिले के सभी नगर एवं प्रखंडों से प्रजापति समाज के लोग शामिल होकर अपनी आवाज को बुलंद करें : अजय प्रजापति
हजारीबाग
झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ के बैनर तले आगामी 18 जनवरी 2026 रविवार को हजारीबाग के संत कोलम्बस कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाली कुम्हार अधिकार महारैली को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। यह महारैली प्रजापति समाज के अधिकार, सम्मान, सामाजिक एकता और माटी कला से जुड़े कारीगरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। इस भव्य महारैली के मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष देवनारायण प्रजापति उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक बेरमो योगेश्वर महतो (बाटुल), श्रीचंद प्रजापति पूर्व अध्यक्ष, झारखंड माटी कला बोर्ड, राजेंद्र पंडित प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व सदस्य, झारखंड माटी कला बोर्ड तथा ईश्वर चंद्र प्रजापति प्रदेश महामंत्री सह पूर्व सदस्य, झारखंड माटी कला बोर्ड का पुनर्गठन कर, राजनीति की हिस्सेदारी, आरक्षण मुद्दे को लेकर अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम में अपनी आवाज बुलंद करेंगे। महारैली की तैयारियों को लेकर जिला स्तर पर लगातार बैठकें की जा रही हैं।
जिला संगठन मंत्री शिव प्रजापति, जिला कोषाध्यक्ष बिरेंद्र प्रजापति, जिला महामंत्री रंजन प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष लीलाधन प्रजापति एवं रामदयाल प्रजापति आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं जिला संरक्षक के रूप में सुखदेव प्रजापति, विष्णुदेव प्रजापति, निर्मल प्रजापति, महेश प्रजापति एवं सभी प्रखंडों के अध्यक्ष समाज को एकजुट करने का कार्य कर रहे हैं। प्रजापति समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महारैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के हक और हक़ीक़त की आवाज़ है। उन्होंने कहा कि माटी कला से जुड़े कारीगरों, कुम्हार समाज के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की समस्याओं को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने के लिए यह रैली मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने जिले भर के प्रजापति समाज से अधिक से अधिक संख्या में हजारीबाग पहुंचने की अपील की। वहीं हजारीबाग जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू जी ने भी समाज के लोगों से एकजुट होकर इस महारैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि समाज संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए खड़ा होगा, तभी सरकार और प्रशासन तक उसकी बात प्रभावी ढंग से पहुंचेगी। आयोजकों के अनुसार महारैली में झारखंड के विभिन्न प्रखंडों से हजारों की संख्या में प्रजापति समाज के लोग शामिल होंगे।

